गोधाम पथमेड़ा में रजत जयंती समारोह 28 अक्टूबर से 05 नवंबर तक-अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट-पथमेड़ा

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

पथमेड़ा –गो सेवा – गो आराधना का भाव जन जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा रजत जयन्ती समारोह के उपलक्ष्य में विश्व की सबसे बड़ी गौशाला पथमेड़ा (राजस्थान) में गो नवरात्रि अनुष्ठान के अंतर्गत 28 अक्टूबर से 05 नवंबर तक श्री गोधाम महिमा महोत्सव एवं कामधेनु महायज्ञ का आयोजन किया गया है।

जिसके अनुसार 30 अक्टूबर से 05 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 09:00 बजे से 01:00 बजे तक मलूकपीठाधीश्वर द्वाराचार्य स्वामी राजेन्द्रदास जी के मधुर वाणी से श्रीमद् गोभागवतकथा आयोजित है। इसके साथ ही 29 अक्टूबर को श्री श्यामसुन्दर जी पाराशर द्वारा श्रीमद्भागवत के मंगल श्लोकों का संगीतमय सरस प्रस्तुति किया जायेगा. 01 नवंबर को आचार्य श्री इन्द्रेश जी उपाध्याय के श्रीमुख से गोमहिमा का संगीतमय सरस गान किया जायेगा।

02 नवंबर को गोवत्स राधाकृष्ण महाराज जी के श्रीमुख से मीराबाई के गाये मधुर भजनों का गायन एवं 03 नवंबर को नरसी मेहता के गाये भजनों का गायन भी राधाकृष्ण महाराज जी द्वारा किया जायेगा। इसके अलावा प्रतिदिन सायं 06:00 बजे से कई मनोरथ कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिसके अनुसार 28 अक्टूबर को श्री गोवर्धनपूजा मनोरथ , 29 अक्टूबर को गो छप्पन भोग मनोरथ , 30 अक्टूबर गोमय श्रृंगार मनोरथ , 31 अक्टूबर को कार्तिक दीपदान मनोरथ , 01 नवंबर को मीरा माधव विवाह मनोरथ ,

02 नवंबर श्रीजी अन्नकूट मनोरथ , 03 नवंबर को गो पुष्पाभिषेक मनोरथ , 04 नवंबर गोपाल गोचारण एवं गो मोती अभिषेक मनोरथ , 05 नवंबर को श्री अक्षय नवमी मनोरथ आयोजित है। इसके साथ ही साथ प्रतिदिन सायं 07:30 बजे से गो गोपाल भक्तिरस संध्या का कार्यक्रम होगा।

इन सभी कार्यक्रमों के अलावा महत्वपूर्ण कड़ी में गोधाम पथमेड़ा में भारत के समस्त तीर्थों से गोपूजनोपरांत एकत्रित गोचरण रज की वैदिक विधि से श्री कामधेनु शक्तिपीठ की स्थापना एवं भारत वर्ष के संपूर्ण तीर्थों से विधिपूर्वक संकलित तीर्थजल द्वारा वैदिक विधि से श्री कामधेनु कोटितीर्थ स्थापना गोभक्तों एवं गोप्रेमी संत महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति में 04 नवंबर को होगा।

Ravi sharma

Learn More →