अमिताभ बच्चन के साथ काम करने वाले कलाकार नत्थू दादा नही रहे-

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर — फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन , धर्मेन्द्र , राजकपूर जैसे बड़े अभिनेताओं के साथ फिल्में कर चुके बौने कलाकार नत्थू दादा का आज 70 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके गृहग्राम रामपुर में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके चले जाने से फिल्म जगत और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है। नत्थू दादा ने लगभग 20 साल के अपने फिल्मी सफर में 150 फिल्मों में काम किया। बालीवुड के नामचीन हस्ती अमिताभ बच्चन, धर्मेन्द्र, डैनी, फिरोज खान समेत कई चर्चित कलाकारों के साथ काम कर चुके नत्थू दादा का स्वास्थ्य विगत दिनों से खराब थी। फिल्मी दुनियाँ से वापस लौटने के बाद से ही नत्थू दादा का पूरा जीवन गरीबी और आर्थिक तंगी में गुजरा और अपनी आखिरी समय में निगम द्वारा संचालित चौपाटी में बच्चों के मनोरंजन के लिये दैनिक मजदूरी में नौकरी की। इस तरह से आज उन्होंने गुमनामी के साथ आखिरी सांस ली।
गौरतलब है कि 1969 में कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आये दारा सिंह ने नत्थू रामटेके को पहली बार देखने के बाद उन्हें मुंँबई आने का आफर दिया। मुंबई में दारा सिंह ने उन्हें कई फिल्म डायरेक्टरों और प्रोड्यूसर से मिलवाया, इसी दौरान शो मैन राजकपूर से हुई मुलाकात के बाद उन्हें फिल्म मेरा नाम जोकर में काम करने का मौका मिला। इसके बाद कभी विलेन तो कभी कामेडी रोल में बौने कलाकार की भूमिका में वो पूरी तरह से फिट हो गये। उन्होंने अमिताभ, धर्मेंद्र, राजकपूर जैसे सुपर स्टार के साथ किया। वहीँ अमजद खान, शत्रुघन सिन्हा जैसे कलाकारों ने भी नत्थू दादा के साथ काम करते हुये उनकी हौसला बढ़ाया। अपने फिल्मी कैरियर में नत्थू दादा ने उड़न छू नाम की फिल्म में बतौर हीरो भी काम किया। 1982 में रिलीज फिल्म धरमकांटा की शूटिंग के दौरान एक हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई थी। उसके बाद से वे कभी खुद के दम पर चल भी नहीं पाये लेकिन उन्होंने अपना विश्वास कभी नहीं खोया है। मुंबई से घर वापस आने के बाद उन्हें आर्थिक समस्याओं ने घेर लिया। 29 मई 1950 को जन्मे नत्थू दादा अपने जीवनकाल में यह दावा भी करते रहे कि वह दुनियाँ के सबसे छोटे कद के इंसान हैं। भाई भतीजावाद की वजह से उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड में रिकार्ड दर्ज नहीं किया गया। करीब सौ से अधिक फिल्मों में काम कर चुके नत्थू दादा का पूरा नाम नत्थू रामटेके है। महज दो फीट की शारीरिक बनावट वाले नत्थू दादा के पांच संतान है। रामपुर स्थित पैतृक आवास में अब भी वह खप्पर निर्मित मकान में ही परिवार के साथ गुजर-बसर करते रहे। मेरा नाम जोकर, शक्ति, राम-बलराम, कसमे वादे, टैक्सी चोर, अनजाने, खोटे सिक्के समेत कई हिट फिल्म में उन्होंने बौने कद के जरिये दर्शकों का मनोरंजन किया।

मुख्यमंत्री ने किया दु:ख व्यक्त

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध फिल्म कलाकार नत्थू दादा के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है। और उनके परिवारजनों के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुये दिवंगत आत्मा की शांति के लिये ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक सन्देश में कहा है कि वे छोटे कद के बड़े कलाकार थे। उन्होंने अपने समय के अनेक जाने-माने फ़िल्म अभिनेताओं के साथ हिंदी फिल्मों में अभिनय किया और दर्शकों पर अपने अभिनय की अमिट छाप छोड़ी।

Ravi sharma

Learn More →