हिन्दू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ली हिंसा की जिम्मेदारी,अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट-नई दिल्ली-

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

नई दिल्ली — दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में रविवार की शाम को नकाबपोश बदमाशों द्वारा छात्रों और शिक्षकों पर किये गये हमले की जिम्मेदारी खुद को हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाले पिंकी चौधरी ने ली है। पिंकी चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रहे हैं कि जो भी देश विरोधी गतिविधियांँ करेगा उसका अंजाम जेएनयू के छात्रों की तरह होगा।
वायरल वीडियो में हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने कहा, “जो गतिविधियां हुईं हमें बर्दाश्त नहीं हैं। ये लोग हमारे देश में रहते हैं, हमारे देश का खाते हैं और हमारे देश में ही शिक्षा प्राप्त कर रहे है। यह लोग क्या चाहते है। हमारे देश में ऐसी गतिविधियां हिंदू रक्षा दल बर्दाश्त नहीं करेगा। देश विरोधी गतिविधियां, अगर हमारे यहां कोई करेगा, तो उसे इसी तरह का जवाब दिया जायेगा।हमारे धर्म के खिलाफ, इतना गलत बोलना किस तरह का इन लोगों का व्यवहार है। कई वर्षों से जेएनयू कम्यूनिस्टों का अड्डा बना हुआ है और ऐसे अड्डे हम लोग बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। पहले से ही हम लोग अपने धर्म के लिये अपने प्राण न्योछावर करने को तैयार रहते हैं।” पिंकी चौधरी ने आगे कहा, “ऐसी गतिविधियां हम लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर आगे भी किसी ने ऐसी देश विरोधी गतिविधियां करने की कोशिश की तो हम ऐसी ही कार्रवाई आगे भी यूनिवर्सिटियों में करायेंगे। यह सारी जिम्मेदारी हिंदू रक्षा दल लेता है।”
गौरतलब है कि जेएनयू परिसर में रविवार रात लाठियों और लोहे की छड़ों से लैस कुछ नकाबपोश बदमाशों ने परिसर में प्रवेश कर छात्रों तथा शिक्षकों पर हमला कर दिया था और परिसर में संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। बाद में प्रशासन को पुलिस को बुलाना पड़ा। JNU में हुई हिंसा में तकरीबन 30 छात्र घायल हुये हैं। दिल्ली पुलिस के अनुसार अभी मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और अब तक किसी तरह की गिरफ्तारी न होने पर विभिन्न राजनीतिक पार्टियों ने सवाल खड़े करने शुरू कर दिये हैं। विपक्ष और जेएनयू छात्रों ने दिल्ली पुलिस पर निष्क्रिय रहने का आरोप लगाया।

Ravi sharma

Learn More →