रामलला का दर्शन करोड़ों हिन्दूओं की आस्था का केन्द्र – जेपी नड्डा

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
➖➖➖➖➖➖➖
अयोध्या – वाराणसी में बाबा विश्वनाथ धाम का दर्शन लाभ करने के बाद भारतीय जनता पार्टी शासित ग्यारह राज्यों के मुख्यमंत्री आज अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष जे०पी०नड्डा के साथ मर्यादापुरूषोत्तम श्रीराम के दरबार में माथा टेकने अयोध्या पहुंचे और श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा और मुख्यमंत्रियों ने परिवार के साथ सरयू सलिला की महाआरती उतारी और प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करने के बाद श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन किया। पूजा अर्चना के इस पुनीत कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान , त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव देव , गोवा के मुख्यमंत्री डा. प्रमोद सावंत , हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर , हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर , कर्नाटक के मुख्यमंत्री वासव राज बोम्बई , आसाम के मुख्यमंत्री हेमानंद विश्वा शर्मा , गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल , अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू , मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. विशेन सिंह के अलावा उपमुख्यमंत्री गोवा चन्द्रकांत कावेलकर , उपमुख्यमंत्री बिहार रेनू देवी एवं तारकिशोर प्रसाद , उपमुख्यमंत्री नागालैंड यथंगो पट्टन , उपमुख्यमंत्री त्रिपुरा जिष्णु देव शर्मा , उपमुख्यमंत्री अरुणाचल प्रदेश चोनामीन भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्रियों ने श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का भव्य मंदिर निर्माण को बारीकी से समझा और जाना। सभी मुख्यमंत्रियों को राम मंदिर निर्माण भी दिखाया गया। मंदिर निर्माण में लगे एलएंडटी के इंजीनियर ने उन्हें प्रगति से अवगत भी कराया। इन मुख्यमंत्रियों के आगमन के पूर्व जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किये थे। काशी से भाजपा शासित ग्यारह राज्यों के मुख्यमंत्रियों के एयरपोर्ट पहुंचने पर सांसद लल्लू सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने अयोध्या स्थित हवाई पट्टी पर अतिथियों की अगुवानी की। एयरपोर्ट से श्रीरामजन्मभूमि तक को सजाया गया था। मुख्य सचिव आर.के. तिवारी भी अयोध्या में डेरा डाले हुये थे। इनके आगमन को ले करके पूरे अयोध्या को छावनी में तब्दील कर दिया गया था और हल्के वाहन को भी अयोध्या में प्रवेश आज नहीं दिया जा रहा था। जगह-जगह पर बैरीकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। बताते चलें भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा राममंदिर निर्माण को लेकर वर्ष 2019 में सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद वह पहली बार अयोध्‍या आये हैं। इसके पहले राम मंदिर आंदोलन के दौर में वर्ष 1991 में उत्तरप्रदेश सहित चार राज्यों मध्यप्रदेश , राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों का यहां एक साथ दौरा हो चुका है लेकिन तब संघर्ष का दौर था। अयोध्या के नये इतिहास में इन मुख्यमंत्रियों के एक साथ आने से एक अलग तरह का इतिहास बन गया है। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या पहुंचने पर सभी ने एक स्वर में अपने आपको धन्य होना बताया। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि रामलला का भव्य और दिव्य मंदिर बने और उसमें रामलला विराजमान हो ऐसी कामना करोड़ों-करोड़ हिंदुओं की है। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद से प्रेरित है और काशी-मथुरा हमारे लिये आस्था का केंद्र होने के साथ ही रामलला के दर्शन करोंड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। आज हमारे लिये शुभ घड़ी है कि आज हम यहां आये हैं और राम लला का दर्शन करके सौभाग्य प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सदियों से राम मंदिर बने यह सब की इच्छा थी जो अब साकार होने जा रही है।

Ravi sharma

Learn More →