बैस्टिल डे परेड में सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुये पीएम मोदी

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
➖➖➖➖➖➖➖
पेरिस ( फ्रांस) – अपने फ्रांस दौरे के दूसरे दिन भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस समारोह के हिस्से के रूप में बैस्टिल दिवस परेड में सम्मानित अतिथि के रूप में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ शामिल हुये। पीएम मोदी के परेड में पहुंचने पर फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिगिट मैक्रॉन और फ्रांस की पीएम एलिजाबेथ बोर्न ने उनका स्वागत किया। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने परेड स्थल पर पीएम मोदी को गले लगाकर स्वागत किया। इस दौरान फ्रांसीसी सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी पीएम मोदी से हाथ मिलाते नजर आये। फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों को बैस्टिल डे परेड शुरू होने से पहले सलामी दी गई। पेरिस में हो रही बैस्टिल डे परेड के दौरान फ्रांसीसी सेना के विमानों ने रंगों के जरिये आकाश में फ्रांस का झंडा बनाया। भारतीय सेना के 72 सैनिकों ने बैस्टिल डे परेड के दौरान सेरेमोनियल ड्रेस में मार्च पास्ट किया। भारत की तीनों सेनाओं की टुकड़ियों में थलसेना के जवान सबसे आगे थे। तीनों सेनाओं के मार्चिंग दस्ते के 269 जवानों ने परेड में हिस्सा लिया। उनकी एंट्री सारे जहां से अच्छा की धुन के साथ हुई। पीएम मोदी ने खड़े होकर भारतीय सेना के दस्ते की सलामी ली। इसमें भारतीय सेना के पंजाब रेजिमेंट का 77 मार्चिंग दस्ता और बैंड के 38 जवान भी शामिल रहे। बैस्टिल डे परेड में भारतीय नौसेना के जवान भी अपनी सफेद वेशभूषा में हथियारों के साथ शामिल हुये। भारतीय वायु सेना ने ना सिर्फ आसमान बल्कि जमीन पर भी अपने शानदार परेड से लोगों का मन मोह लिया। इस परेड का नेतृत्व भारतीय वायु सेना की एक महिला अधिकारी ने किया। भारत के राफेल लड़ाकू विमानों ने भी फ्रांस के आसमान में जमकर दहाड़ लगाई। ये लड़ाकू विमान फ्रांसीसी वायु सेना के अन्य विमानों के साथ परेड में शामिल हुये।भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमानों ने बैस्टिल डे परेड के फ्लाईपास्ट में हिस्सा लिया। चैम्प्स एल्सीज पर भारतीय वायुसेना के तीन राफेल फाइटर जेट ने फ्रांस के लड़ाकू विमानों के साथ फ्लाईपास्ट किया। सेना की टुकड़ी का नेतृत्व कैप्टन अमन जगताप , नौसैनिक दल को नेतृत्व कमांडर व्रत बघेल लीड ने किया। वहीं फ्रांस में इंडियन एयरफोर्स के दस्ते का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर सिंदु रेड्डी ने किया। बैस्टिल डे परेड के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों , फर्स्ट लेडी ब्रिगिट मैक्रोम और अन्य गणमान्य हस्तियां पेरिस में बैस्टिल डे परेड का हिस्सा बने। इसके बाद फ्रांस की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष येल ब्रॉन-पिवेट ने पीएम मोदी के लिये लंच होस्ट किया। बैस्टिल डे परेड के बाद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। सुरक्षा , प्रौद्योगिकी , आतंकवाद विरोधी , साइबर सुरक्षा , जलवायु परिवर्तन और अंतरिक्ष के क्षेत्र में सहयोग सहित कई विषय एजेंडे में रहा।

पीएम मोदी को फ्रांस के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया
➖➖➖➖➖➖➖
फ्रांस दौरे के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फ्रांस के सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। पीएम मोदी को दुनियां भर के विभिन्न देशों से मिला ये 14वां सर्वोच्च राजकीय सम्मान है। यह फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक और सैन्य सम्मान है , जबकि पीएम मोदी ये सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अद्वितीय सम्मान के लिये राष्ट्रपति मैक्रों को धन्यवाद दिया। बताते चलें यह सम्मान दुनियां भर की कुछ चुनिंदा हस्तियों को ही दिया गया है। इससे पहले यह सम्मान जिन लोगों को दिया गया है उनमें संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस -घाली , दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला , वेल्स के तत्कालीन राजकुमार किंग चार्ल्स और जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल आदि शामिल हैं।

भारतीय समुदाय को पीएम मोदी ने किया संबोधित
➖➖➖➖➖➖➖➖➖
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस दौरे में पेरिस में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। पेरिस के ला सीएन म्यूजिकले में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि फ्रांस आना घर आने जैसा है , भारत के लोग जहां जाते हैं मिनी इंडिया बना लेते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ल्ड ऑर्डर में भारत खास रोल निभा रहा है। हर चुनौती से निपटने में भारत का अनुभव और प्रयास दुनियां के लिये मददगार साबित हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत इस समय जी – 20 की अध्यक्षता कर रहा है। पहली बार किसी देश की अध्यक्षता में ऐसा हो रहा है कि उस देश के कोने-कोने में 200 से ज्यादा बैठकें हो रही हैं। पूरा जी- 20 समूह भारत के सामर्थ्य को देख रहा है। उन्होंने कहा- दोनों देशों के लोगों के बीच का कनेक्ट दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी विश्वास ही इस साझेदारी का सबसे मज़बूत आधार है। यहां नमस्ते फ्रांस फेस्टिवल होता है तो भारत में लोग बोन्सू इंडिया का आनंद उठाते हैं।पीएम मोदी ने अपने संबोधन में चंद्रयान का भी जिक्र करते हुये कहा – जब मैं आपसे बात कर रहा हूं तो भारत में चंद्रयान 3 की लॉन्चिंग के लिये रिवर्स काउंटिंग की गूंज सुनाई दे रही है। कुछ घंटों बाद भारत से ऐतिहासिक लॉन्च होने जा रहा है। उन्होंने कहा भारत की धरती भी एक बड़े परिवर्तन का गवाह बन रही है। पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरा विश्व भारत के प्रति नई उम्मीद और नई आशा से भरा हुआ है। यह उम्मीद ठोस नतीजों में बदल रही है। इसकी एक अहम ताकत भारत का ह्यमन रिसोर्स है और यह संकल्पों से भरा हुआ है। ये भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ मजबूती से कदम बढ़ा रहा है। भारत अब समस्याओं का स्थायी समाधान कर रहा है। मैं संकल्प लेकर निकला हूं , मेरा कण-कण और पल-पल देशवासियों के लिये है। भारत अब समस्याओं का स्थायी समाधान कर रहा है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के विकास के बारे में भी जानकारी देते हुये कहा जहां दुनिया एक नई व्यवस्था की ओर बढ़ रही है , वहीं भारत की ताकत और भूमिका भी बहुत तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि फ्रांस में भारत के यूपीआई के इस्तेमाल को लेकर समझौता हुआ है। आने वाले दिनों में इसकी शुरुआत एफिल टावर से की जायेगी और अब भारतीय पर्यटक एफिल टावर में यूपीआई के जरिये रुपये में भुगतान कर सकेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुये बताया कि फ्रांस में अब यूनिफाइड पेमेंट सिस्टम (यूपीआई) का उपयोग किया जा सकेगा , इसके लिये एक समझौता हुआ है। पीएम मोदी ने मार्सिले में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि फ्रांस में मास्टर्स कर रहे भारतीय छात्रों को अब पांच साल का पोस्ट स्टडी वर्क वीजा मिलेगा , इससे पहले भारतीय छात्रों को दो साल का वर्क वीजा दिया जाता था।

Ravi sharma

Learn More →