छग की संस्कृति में राम रचे बसे हैं – भूपेश बघेल

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
———————————–
शिवरीनारायण — मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज जाँजगीर चाँपा जिले के टेम्पल सिटी शिवरीनारायण के मानस महोत्सव में शामिल होकर मंडलियों के साथ रामचरितमानस का पाठ किये। इस दौरान सीएम बघेल ने जनता को संबोधित करते हुये कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति में राम रचे बसे हैं। राम राज तभी होगा जब समानता होगी। राम को हम मूर्ति और विचारों में पूजते हैं, उन्हें साकार, निराकार के रूप में मानते हैं। हमारा लक्ष्य गांधी का रामराज्य है। हमारी सरकार उस रामराज्य की स्थापना के लिये काम कर रही है जिसकी बात महात्मा गांधी किया करते थे। असली रामराज्य वह है जहांँ समानता , प्रेम , और भाईचारा हो , जहां गांँव गांँव तरक्की हो , खुशहाली हो , समृद्धि हो , छत्तीसगढ़ में हमेशा करुणामय राम की पूजा करने की परंपरा रही है , हम उन्हें साकार और निराकार दोनों रूप में पूजते हैं। गोस्वामी तुलसीदास ने जहांँ उनके साकार स्वरूप को जन-जन तक पहुंँचाया है वही संत कबीर ने राम के निर्गुण रूप की उपासना की है। शिवरीनारायण वह स्थान है जहाँ बनवास काल के दौरान भगवान राम का आगमन हुआ था। सीएम बघेल ने राज्य गो सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास की माँग पर शिवरीनारायण में 30 बिस्तर अस्पताल शुरू करने तथा तीन दिवसीय मानस गान महोत्सव के आयोजन की घोषणा की। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुये कहा कि छत्तीसगढ़ किसानों का प्रदेश है इसलिये कोरोनाकाल की आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भी यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को उनकी उपज की सही कीमत मिले। इस अवसर पर उन्होंने गोधन न्याय योजना एवं राजीव गांधी किसान योजना पर भी प्रकाश डाला।मानस सम्मेलन में शामिल होने के बाद सीएम बघेल मेला ग्राऊँड में राम वन-गमन पथ पर्यटन परियोजना का अवलोकन किये और मेला ग्राऊँड हेलीपेड से रायपुर के लिये प्रस्थान कर गये। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास, स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, नगरीय प्रशासन एवं श्रम मंत्री डॉ० शिवकुमार डहरिया, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, राज्यसभा सांसद पी.एल. पुनिया और विधायक मोहन मरकाम भी उपस्थित थे।

कल करेंगे पुन्नी स्नान
—————————
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल सुबह पाँच बजे कार्तिक पूर्णिमा पर खारून नदी पार महादेव घाट पहुंँचकर पुन्नी स्नान करेंगे और हटकेश्वर महादेव में पूजा अर्चना कर प्रदेश में सुख , समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। गौरतलब है कि कोरोना काल के चलते यहां लगने वाला मेला इस बार रद्द कर दिया गया है।

Ravi sharma

Learn More →