कोरोना वायरस के नये रूप से भारत में सतर्कता-नईदिल्ली

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
———————————–
नई दिल्ली — ब्रिटेन में सामने आये कोरोना वायरस के एक नये रूप के चलते भारत सरकार ने सतर्कतापूर्वक बड़ा कदम उठाते हुये ब्रिटेन से आने वाले विमानों पर प्रतिबंध 31 दिसंबर 2020 से बढ़ाकर सात जनवरी 2021 तक कर दिया है। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट किया है कि सात जनवरी 2021 तक ब्रिटेन आने-जानेवाली उड़ानों के अस्थायी निलंबन का विस्तार करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि उड़ानों की बहाली के बारे में जल्द ही कोई फैसला लिया जायेगा, इसके बारे में घोषणा कर दी जायेगी। उन्होंने कहा कि जब भी सर्विस शुरू की जायेगी सख्ती से हवाई सेवाओं का संचालन किया जायेगा।
गौरतलब है कि इस नये वायरस के चलते ब्रिटेन में राजधानी लंदन समेत कई इलाकों में फिर से लॉकडाउन लागू करना पड़ा है। बता दें अब भारत में भी ब्रिटेन के नये कोरोना की एंट्री हो चुकी है। ब्रिटेन से लौटे अब तक कुल 20 लोग कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन से संक्रमित पाये गये हैं जबकि मंगलवार तक यह संख्या सिर्फ 06 थी। ये सभी ब्रिटेन वैरिएंट जीनोम की चपेट में मिले हैं। इन सभी को आइसोलेट कर दिया गया है।ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया वैरिएंट मिलने से दुनियाँ भर के देशों में हड़कंप मचा हुआ है। इसके मद्देनजर भारत ने ब्रिटेन एवं भारत के बीच विमानों की आवाजाही पर 23 दिसंबर से 31 दिसंबर तक पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया था। अब यह प्रतिबंध सात जनवरी तक बढ़ गया है। भारत के अलावा फ्राँस , जर्मनी , नीदरलैंड समेत कई यूरोपीय देशों ने भी ब्रिटेन पर हवाई प्रतिबंध लगाया है।

Ravi sharma

Learn More →