ऐश्वर्या राय जन्मदिन विशेष — अरविन्द तिवारी की कलम से

मुम्बई – दुनियाँ की सबसे खूबसूरत महिला और बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन अपनी खूबसूरती की वजह से देश ही नही बल्कि दुनियाँ भर में जानी जाती है। इन्होंने अपने कैरियर के दौरान मिस वर्ल्ड बनने से लेकर कई सारे मुकाम हासिल किये हैं। आज वे अपना 47 वाँ जन्मदिन मना रही हैं। ऐश्वर्या राय का जन्म 01 नवम्बर 1973 को मैंगलोर, कर्नाटक में हुआ था लेकिन वे मुम्बई शिफ्ट हो गये थे। ऐश्वर्या के पिता कृष्णराज राय आर्मी में बायोलोजिस्ट थे और उनकी मांँ वृंदा राय हाऊसवाईफ हैं। उनका एक बड़ा आदित्‍य रॉय भाई हैं जो मर्चेंट नेवी में इंजीनियर हैं। ऐश्‍वर्या राय ने मुंबई के आर्य विद्या मं‍दिर हाईस्‍कूल से पढ़ाई की है। उन्‍होंने बारहवीं की पढ़ाई जय हिन्‍द कॉलेज से की और उसके बाद डीजी रूपारेल कॉलेज से किया। ऐश्‍वर्या राय पढ़ाई में काफी तेज थी और उन्होंने पांँच साल की उम्र में भारतनाट्यम का प्रशिक्षण भी लिया था। ऐश्वर्या राय पहली बार कैमलीन पेसिंल के विज्ञापन में दिखाई दी थी जब वे नौंवी कक्षा में थी। ये आमिर खान के साथ किये गये पेप्‍सी के विज्ञापन के बाद पापुलर हो गई थी। इसके बाद 09 नवंबर 1994 को 21 साल की उम्र में साउथ अफ्रीक में ऐश्वर्या राय ने मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था , जो मिस वर्ल्ड का ताज जीतने वाली दूसरी भारतीय थी। रीता फारिया पहली थी जिन्होंने 1966 में यह खिताब जीता था। ऐश्‍वर्या राय ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1997 में तमिल फिल्‍म इरूवर से की थी जिसे मणिरत्नम ने निर्देशित किया था। 1997 में रिलीज हुई फिल्म और प्यार हो गया ऐश्वर्या राय की पहली बॉलीवुड फिल्म थी , इस फिल्म उनके साथ बॉबी देओल थे। वर्ष 1999 में रिलीज हुई फिल्म “हम दिल दे चुके सनम” के लिये उन्हें फिल्‍मफेयर का सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेत्री का पुरस्‍कार दिया गया था। ऐश्‍वर्या राय बच्चन की प्रमुख फिल्मों में जीन्स, आ अब लौट चलें, ताल, जोश, हमारा दिल आपके पास है, मोहब्‍बतें, देवदास, दिल का रिश्‍ता, कुछ न कहो, खाकी, रेनकोट, चोखेर बाली, उमराव जान, धूम 2, गुरु, प्रोवोक्‍ड, द लास्‍ट लीजन, ब्राइड एंड प्रिज्युडिस, जोधा अकबर, सरकार राज, द पिंक पैंथर 2, रावन, रोबोट, गुजारिश, जज्बा, सरबजीत, ऐ दिल है मुश्किल और फन्ने खान आदि हैं। ऐश्वर्या राय ने हिन्दी के अलावा तेलुगु, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी फिल्मों में भी काम किया है। ऐश्वर्या राय बच्चन की गिनती उन अभिनेत्रियों में होती है जो सिर्फ बॉलीवुड में ही नहीं बल्कि हॉलीवुड में भी अपना जलवा दिखा चुकी हैं। “बंटी और बबली” के “कजरा रे” गाने की शूटिंग के दौरान अभिषेक और ऐश्वर्या में प्यार हुआ। फिल्म “गुरू” की शूटिंग के दौरान अभिषेक बच्चन ने इन्हें प्रपोज किया।
फिर 20 अप्रैल, 2007 को दोनो की शादी हुई और 16 नवंबर, 2011 को उनकी बेटी आराध्या बच्चन का जन्म हुआ। ऐश्वर्या और अभिषेक की ऑनस्क्रीन जोड़ी ने कई फिल्मों में धमाल मचाया था। अभिषेक और ऐश्वर्या ने एक साथ पहली बार साल 2000 में फिल्म ढाई अक्षर प्रेम के में काम किया था और उस वक्त उनकी अच्छी दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों ने कुछ ना कहो, बंटी और बबली, उमराव जान, धूम‑2 और गुरु में साथ किया था। फिल्म गुरु के सेट पर अभिषेक ने ऐश्वर्या को प्रपोज किया था। शादी के बाद दोनों की फिल्म सरकार राज और रावन रिलीज हुई थी। बेटी के जन्म और उनकी परवरिश के लिये ऐश्वर्या ने पांँच साल का ब्रेक लिया था। फिल्म जज्बा (2015) से इंडस्ट्री में कमबैक किया था। उसके बाद वह सरबजीत और ऐ दिल है मुश्किल, फन्ने खां में नजर आई थी। ऐश को कई पुरस्‍कारों से भी नवाजा जा चुका है। उन्‍हें दो बार फिल्‍मफेयर पुरस्‍कार भी मिल चुका है। भारत सरकार की ओर से उन्हें 2009 में पद्मश्री और 2012 में फ्रांस सर‍कार की ओर से औरड्रे डेस आर्टस एट डेस लेट्रेस से सम्‍मानित किया जा चुका है। ऐश्वर्या राय पिछले 18 साल से कान्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के रेड कारपेट पर अपना जलवा बिखेर रही है। कई बार वह बेटी आराध्या के साथ भी इस इवेंट में नजर आ चकी है। दुनियाँ भर में उनकी एक्टिंग और खूबसूरती के लाखों फैंस हैं। वे पहली ऐसी इंडियन सेलिब्रिटी है जिनका मोम का पुतला मैडम तुसाम म्यूजियम में बना है। ये सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और वह अक्सर अपनी बेटी के साथ तस्वीर शेयर करती रहती हैं।

Ravi sharma

Learn More →