राष्ट्रपति सचिवालय ने की विजिटर्स अवार्ड की घोषणा,जाने किन्हे मिलेगा अवार्ड-

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

नई दिल्ली — राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा आज विजिटर्स अवार्ड 2019 प्राप्त करने वालों की घोषणा की गयी है। इस वर्ष के लिये ये अवार्ड ह्यूमेनिटीज, कला और सामाजिक विज्ञान, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान और प्रौद्योगिकी विकास में अनुसंधान के लिये प्रदान किये जायेंगे।ह्यूमेनिटीज, कला और सामाजिक विज्ञान में अनुसंधान के लिये विजिटर्स अवार्ड पंद्दुचेरी विश्वविद्यालय के एप्लाइड साइकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर सिबनाथ देब को प्रदान किया जायेगा। उन्हें यह अवार्ड बाल संरक्षण विशेष रूप से बाल शोषण और उपेक्षा, छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और एचआईवी/एड्स के क्षेत्र में अनुसंधान के लिये दिया जा रहा है।
भौतिक विज्ञान में अनुसंधान के लिये यह अवार्ड जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान स्कूल के प्रोफेसर संजय पुरी को प्रदान किया जायेगा। जीव विज्ञान में अनुसंधान के लिये यह अवार्ड अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अंतरविषयी जैव-प्रौद्योगिकी इकाई के प्रोफेसर असद उल्ला खान को भारत में एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) और एएमआर के फैलने और नियंत्रण की कार्यप्रणाली के लिये तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के नैनोसाइंस के विशेष केन्द्र में कार्यरत डॉ. प्रतिमा को संयुक्त रूप से प्रदान किया जायेगा। डॉ. प्रतिमा ने नैनोबायोसेंसर और नैनोबायोइन्ट्रेक्शन में उल्लेखनीय अनुसंधान किया है।
प्रौद्योगिकी विकास के लिए विजिटर्स अवार्ड त्रिपुरा विश्वविद्यालय के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में कार्यरत डॉ. शॉन रे चौधुरी को प्रदान किया जायेगा। डॉ. चौधुरी को यह अवार्ड बायोफर्टिलाइजर में डेयर अपशिष्ट जल के रूपांतरण के लिये माइक्रोबियल बॉयोफिल्म रिएक्टर विकसित करने के लिए दिया जा रहा है।

राष्ट्रपति जल्द ही घोषित की जाने वाली तारीख को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में ये अवार्ड प्रदान करेंगे। प्रत्येक श्रेणी के लिये सभी केन्द्रीय विश्वविद्यालयों से अवार्ड प्राप्तकर्ताओं के चयन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किये गये थे। राष्ट्रपति के सचिव संजय कोठारी अवार्ड चयन समिति के अध्यक्ष हैं। केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में स्वस्थ प्रतियोगिताओं और उन्हें पूरे विश्व की श्रेष्ठ प्रक्रियाओं को अपनाने के लिये प्रेरित करने के लिए ये अवार्ड 2014 में स्थापित किये गये थे। तब से विभिन्न श्रेणियों में ये अवार्ड हर वर्ष प्रदान किये जाते हैं।

Ravi sharma

Learn More →