मध्यप्रदेश में पाँच ने ली मंंत्री पद की शपथ- अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट,भोपाल-

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

भोपाल — कोरोना संकट के बीच मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अपने मंत्रिमंडल का गठन कर दिया। राजभवन में सादे शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लालजी टंडन ने पाँच मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लालजी टंडन ने भाजपा विधायक नरोत्तम मिश्रा, कमल पटेल, मीना सिंह के साथ सिंधिया गुट के तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को बतौर कैबिनेट मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत वर्तमान में विधायक नहीं है। दोनों ही ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हुये थे। वहीं मानपुर से पांच बार की भाजपा विधायक मीना सिंह को आदिवासी चेहरे के तौर पर कैबिनेट में शामिल किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के  साथ कई भाजपा नेता मौजूद थे। शपथ ग्रहण के फौरान बाद शिवराज मंत्रिमंडल की बैठक मंत्रालय में होगी जिसमें कुछ बड़े निर्णय होने की संभावना है। गौरतलब है कि 23 मार्च को शिवराज सिंह के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से अब तक किसी भी अन्य मंत्री ने शपथ नहीं ली थी।

Ravi sharma

Learn More →