भारी सुरक्षा के बीच दंतेवाड़ा उपचुनाव में कल होगा मतदान-

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

दंतेवाड़ा — छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिये कल 23 सितंबर को सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिये 18 हजार से अधिक सशस्त्र बलों को तैनात किया गया है। इस क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान सुरक्षा बलों के लिये बहुत बड़ी चुनौती है। इस उपचुनाव के लिये सात हजार केंद्रीय बलों को भेजा गया है। क्षेत्र में अर्धसैनिक बलों और राज्य पुलिस के 11 हजार जवान यहां पहले से मौजूद हैं। उपचुनाव वाले क्षेत्र में सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है तथा नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिये ड्रोन का भी सहारा लिया जा रहा है। मतदान केंद्रों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 188263 मतदाता हैं जिनमें 89747 पुरूष तथा 98876 महिलायें हैं। क्षेत्र में मतदान के लिये 273 मतदान केंद्रों की स्थापना की गयी है। इस क्षेत्र में सुबह सात बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक मतदान होगा। अधिकारियों ने बताया कि इस विधानसभा उपुचनाव में कुल नौ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला सत्ताधारी कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के मध्य है। कांग्रेस ने दंतेवाड़ा सीट के लिये देवती कर्मा पर भरोसा किया है। देवती कर्मा पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा की पत्नी है। वर्ष 2013 में झीरम घाटी हमले में नक्सलियों ने महेंद्र कर्मा की हत्या कर दी थी। भाजपा ने भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी मंडावी को चुनाव मैदान में उतारा है। इस वर्ष हुये लोकसभा चुनाव के दौरान नौ अप्रैल को चुनाव प्रचार पर निकले विधायक भीमा मंडावी के वाहन को नक्सलियों ने विस्फोट कर उड़ा दिया था। इस हमले में मंडावी और चार अन्य सुरक्षाकर्मियों की मृत्यु हो गई थी। पिछले विधानसभा चुनाव में बस्तर क्षेत्र के 12 विधानसभा सीटों में से दंतेवाड़ा एकमात्र ऐसी सीट थी जिसमें भाजपा जीती थी। इससे पहले 2013 के विधानसभा चुनाव में देवती कर्मा ने भीमा मंडावी को हराया था। वर्ष 2018 में हुये विधानसभा चुनाव में राज्य में कांग्रेस ने 90 में से 68 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं भाजपा को 15 सीटें मिली थी। जबकि बहुजन समाज पार्टी ने दो सीटों पर तथा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने पांच सीटों पर जीत हासिल की थी। लेकिन इस वर्ष लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने राज्य के 11 में से नौ सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस को केवल दो सीटें ही मिल सकी थी।

Ravi sharma

Learn More →