29वीं पुण्यतिथि पर याद किए गए किसान सत्याग्रही स्व: ब्रह्मदेव सिंह

सोनपुर। प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी एवं किसान सत्याग्रही स्व. ब्रह्मदेव सिंह की 29 वीं पुण्यतिथि पर वक्ताओं ने उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे न सिर्फ महान देशभक्त थे बल्कि प्रसिद्ध किसान सत्याग्रही भी थे। देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों के साथ मिलकर आंदोलनों में हिस्सा लिए तो किसानों की ज्वलंत समस्याओं और उन पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ जोरदार आवाज भी बुलंद की।


यहां सोनपुर अंचल के सबलपुर दियारे के बभनटोली स्थित ख्याली सिंह सदन में रविवार को आयोजित स्वतंत्रता सेनानी स्व. ब्रह्मदेव सिंह की 29 वीं पुण्यतिथि मनाई गई। श्रद्धांजलि समारोह कि अध्यक्षता समाज सेवी और कम्युनिस्ट नेता विजय कुमार शर्मा ने की। समारोह का संचालन सोनपुर अनुमंडल माध्यमिक शिक्षक संघ के संयुक्त सचिव मुकेश कुमार शर्मा कर रहे थे। इस मौके पर वरिष्ठ समाजवादी चिंतक कामरेड ब्रज किशोर शर्मा ने कहा कि स्व. ब्रह्मदेव सिंह अपने क्रांतिकारी साथियों के साथ देश को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त कराने के लिए एक ओर लड़ाई लड़ रहे थे तो दूसरी और किसानों की समस्याओं के निदान के लिए जुल्मी जमींदारों और नवाबों के खिलाफ भी आंदोलनरत थे।

समाजसेवी और वरिष्ट कम्युनिस्ट नेता विजय कुमार शर्मा ने किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि इस आंदोलन में रामजीनिश सिंह, दरबारी सिंह, राम स्वरुप सिंह, रामसागर सिंह, रामसेवक सिंह, शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी सहित अनेक क्रांतिकारियों की भूमिका बढ़ चढ़ कर रही थी। किसान नेता महापंडित राहुल सांकृत्यायन, स्वामी सहजानंद सरस्वती इस आन्दोलन का नेतृत्व कर रहे थे।

अधिवक्ता अरविंद कुमार शर्मा, पांडेय सनातन शर्मा,यशवर्धन ,हर्षवर्धन, आशीष, सूर्यांश, सीता कुंवर सहित दर्जनों लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की ओर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।

Ravi sharma

Learn More →