प्रधानमंत्री ने किया आगरा मेट्रो रेल परियोजना का शुभारंभ-नईदिल्ली

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
———————————-
नई दिल्ली — उत्तरप्रदेश में लखनऊ के बाद अब पर्यटन नगरी आगरा की बहुप्रतीक्षित मेट्रो रेल परियोजना पर काम शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तरप्रदेश स्थित आगरा मेट्रो रेल परियोजना के प्रथम चरण के निर्माण कार्य का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आगरा के पास बहुत पुरातन पहचान तो हमेशा रही है, अब इसमें आधुनिकता का नया आयाम जुड़ रहा है, सैकड़ों वर्षों का इतिहास संजोये ये शहर अब 21वीं सदी के साथ कदमताल मिलाने के लिये तैयार हो रहा है। आगरा में स्मार्ट सुविधायें विकसित करने के लिये पहले ही लगभग 1,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। आधुनिक सुविधायें और आधुनिक कनेक्टीविटी मिलने से पश्चिमी यूपी का सामर्थ्य और बढ़ रहा है। देश का पहला रैपिड रेल ट्रांसपोर्ट सिस्टम मेरठ से दिल्ली के बीच बन रहा है , दिल्ली-मेरठ के बीच 14 लेन का एक्सप्रेस-वे भी जल्द ही इस क्षेत्र के लोगों को सेवा देने लगेगा। इससे आगरा में लोगों के जीवन में और सुलभता आयेगी और पर्यटन के लिहाज से आगरा को लाभ मिलेगा।आगरा मेट्रो नोएडा और दिल्ली मेट्रो के मुकाबले ना केवल रफ्तार में तेज होगी बल्कि कई ज्यादा आधुनिक होगी। पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि देश के इंफ्रा सेक्टर की एक बड़ी दिक्कत हमेशा से ये रही थी कि नये प्रोजेक्ट्स की घोषणा तो हो जाती थी लेकिन उसके लिये पैसा कहांँ से आयेगा ? इस पर बहुत ध्यान नहीं दिया जाता था। हमारी सरकार ने नई परियोजनाओं की शुरुआत करने के साथ ही उसके लिये आवश्यक धनराशि के इंतजार पर ध्यान दिया है।कोरोना के समय में यह सेंटर बहुत उपयोगी सिद्ध हुआ। अब 8000 करोड़ रुपये से अधिक का यह मेट्रो प्रोजेक्ट आगरा में स्मार्ट सुविधाओं के मिशन को और मजबूत करेगा। बीते छह वर्षों में यूपी के साथ ही पूरे देश में जिस गति के साथ मेट्रो नेटवर्क पर काम हुआ वह इस सरकार की पहचान और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वर्ष 2014 तक देश में लगभग सवा 200 किमी मेट्रो लाइन संचालित थीं। अब छह वर्षों में देश में 450 किमी से ज्यादा मेट्रोलाइन पर संचालन चल रहा है और लगभग 1000 किमी मेट्रो लाइन पर तेज गति से काम भी चल रहा है।
आगरा के 15वीं वाहिनी पीएसी परेड ग्राउण्ड में आयोजित हुये। इस कार्यक्रम में उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी सहित केन्द्र तथा प्रदेश सरकार के मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों सहित आगरा के सांसद , मेयर , उप्र मेट्रो रेल कार्पोरेशन के महानिदेशक कुमार केशव उपस्थित रहे। शहर में मेट्रो ट्रैक 30 किमी लंबा होगा और दिसंबर, 2022 में छह स्टेशनों में मेट्रो का संचालन शुरू होगा , पांँच वर्षों में मेट्रो के दोनों कारिडोर बनकर तैयार हो जाने की उम्मीद जतायी गई है। इस बड़ी योजना के पहले चरण को दिसंबर 2022 तक पूरा करने के लिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपीएमआरसी को निर्देश भी जारी कर दिया है। प्रथम चरण में दिसंबर 2022 तक इसकी सेवा सिकंदरा से ताज ईस्ट गेट तक शुरू हो जायेगी।आगरा मेट्रो की कुल लागत (केंद्रीय करों सहित) 8379.62 करोड़ रुपये होगी। पहले चरण में सिकंदरा से ताज ईस्ट गेट कारिडोर तैयार किया जायेगा। सबसे पहले ताज ईस्ट से जामा मस्जिद तक छह किलोमीटर तक प्राथमिक सेक्शन तैयार किया जायेगा। इस सेक्शन में कुल छह मेट्रो स्टेशन ताज ईस्ट गेट, बसई, फतेहाबाद रोड तीन उपरिगामी मेट्रो स्टेशन बनेंगे। ताजमहल, आगरा फोर्ट और जामा मस्जिद भूमिगत मेट्रो स्टेशन होंगे। आगरा मेट्रो रेल परियोजना में कॉरिडोर-1 का डिपो तैयार करने के लिये 09.37 हेक्टेयर जमीन चयनित की गई है। इसमें से 08.09 हेक्टेयर जमीन पीएसी 15वीं वाहनी और 01.28 हेक्टेयर जमीन मण्डलायुक्त कार्यालय की है। आगरा मेट्रो रेल परियोजना के डिपो के निर्माण कार्य का जिम्मा मेसर्स लीशा इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। वहीं आगरा मेट्रो रेल परियोजना उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा संचालित की जायेगी। परियोजना के तहत 29.4 किलोमीटर लंबे दो कॉरिडोर प्रस्तावित हैं। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच लगभग 14 किलोमीटर लंबा पहला कॉरिडोर बनेगा, जिसमें 13 मेट्रो स्टेशन होंगे। दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालंदी विहार के बीच बनाया जायेगा, जिसकी लंबाई 15.4 किमी होगी। इसमें कुल 14 मेट्रो स्टेशन होंगे। आगरा मेट्रो पर्यावरण के अनुकूल, आरामदायक एवं बाधारहित सार्वजनिक यातायात का साधन उपलब्ध कराएगी। आगरा में ताजमहल और आगरा फोर्ट जैसे विश्व-प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों तक मेट्रो आवाजाही को आसान बनायेगी। इसका सबसे बड़ा फायदा पर्यटन विकास में होगा। निर्धारित समय-सीमा के अंदर, शहर के बीचोंबीच मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण करना एक बड़ी चुनौती है। इस मेट्रो रेल परियोजना से आगरा की 26 लाख की आबादी लाभान्वित होगी। साथ ही प्रत्येक वर्ष आगरा आने वाले लगभग 60 लाख पर्यटक भी शहर में विश्वस्तरीय मेट्रो सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस परियोजना के रूप में पर्यटन नगरी को एक अत्याधुनिक और वैश्विक स्तर का मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (एमआरटीएस) उपलब्ध हो सकेगा। कॉरिडोर इस प्रकार निर्धारित किये गये हैं कि शहर के चार प्रमुख रेलवे स्टेशन, बस डिपो, कॉलेज, प्रमुख बाजार और पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ा जा सके। उल्लेखनीय है कि आठ मार्च, 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगरा मेट्रो रेल परियोजना का शिलान्यास किया था, जिसके निर्माण कार्यों का शुभारंभ अब किया गया।

Ravi sharma

Learn More →