देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनीं द्रौपदी मुर्मू

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
➖➖➖➖➖➖➖➖
नई दिल्ली – गत 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिये हुये मतदान की गणना संसद के कमरा नंबर 63 में आज कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना प्रारंभ हुआ। शुरू से ही बढ़त बना रही एनडीए उम्मीद्वार द्रौपदी मुर्मू तीसरे राउंड की गिनती में ही पचास फीसदी से अधिक वोट हासिल कर ली। इसके साथ ही उनका देश की पंद्रहवीं राष्ट्रपति बनना तय हो गया। राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने देश के सभी सांसदों और विधायकों का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि दुनियां के सबसे बड़े लोकतंत्र के 15वें राष्ट्रपति चुनने के लिये देश के सभी क्षेत्रों के सांसदों , विधायकों , मंत्रियों और राजनीतिक साथियों के समर्थन से मैं प्रफुल्लित महसूस कर रही हूं। एनडीए से राष्ट्रपति पद की उम्मीद्वार द्रौपदी मुर्मू ने तीसरे दौर की मतगणना के बाद कुल वैध मतों के पचास प्रतिशत का आंकड़ा पार कर लिया। राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना के नतीजों का ऐलान करते हुये बताया कि द्रौपदी मुर्मू को 577777 मूल्य के मत प्राप्त हुये हैं। वहीं विपक्षी उम्मीद्वार यशवंत सिन्हा को 261062 मूल्य के मत प्राप्त हुये हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति चुनाव में कुल 3219 वैध मत थे जिनका मूल्य 838839 है। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 577777 मूल्य के कुल 2161 मत प्राप्त हुये। वहीं सिन्हा को 261062 मूल्य के कुल 1058 मत प्राप्त हुये है। महासचिव ने बताया कि तीसरे चरण की मतगणना में कर्नाटक , केरला , महाराष्ट्र , मणिपुर , मेघालय , मिजोरम , नागालैंड , ओड़िशा और पंजाब राज्य के कुल 1333 वैध मत थे जिनका मूल्य 165664 है। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 812 मत प्राप्त हुये और यशवंत सिन्हा को 521 मत मिले। दूसरे चरण की मतगणना में पहले 10 राज्यों के मतपत्रों की वर्णानुक्रम में गणना की गई। जिसमें कुल 1138 वैध मत थे और उनका कुल मूल्य 149575 है। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 809 वोट मिले जिनकी कीमत 105299 और यशवंत सिन्हा को 329 वोट मिले जिनकी कीमत 44276 है।उल्लेखनीय है कि पहले चरण की मतगणना में राजग उम्मीद्वार द्रौपदी मुर्मू को 378000 के महत्व के मत मिले हैं। वहीं यशवंत सिन्हा को 145600 के महत्व के मत प्राप्त हुये हैं। वहींं पहले चरण में द्रौपदी मुर्मू ने 378000 के महत्व के साथ 540 वोट हासिल किये हैं और यशवंत सिन्हा ने 145600 के महत्व के साथ 208 वोट हासिल किये है। परिणाम की घोषणा होने के बाद पूरे देश भर में जश्न का माहौल हैं। वही नये राष्ट्रपति चुनी गई द्रौपदी मुर्मू का पूरा गांव ख़ुशी से झूम उठा हैं। चारो ओर बाजे-गाजे के साथ धूम मची हुई हैं। मुर्मू के घर के बाहर एसपीजी के जवानों को तैनात कर दिया गया हैं।देश के वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो जायेगा और 25 जुलाई को नये राष्ट्रपति शपथ लेंगी। उनकी इस जीत पर महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद , केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह , रक्षामंत्री राजनाथ सिंह , भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित सभी शीर्ष नेताओं ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी है। द्रौपदी मुर्मू के गांव ओड़िशा के रायरंगपुर में भी उनकी जीत का जश्न मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी। द्रौपदी मुर्मू के घर के बाहर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनका स्वागत किया। वहीं विपक्षी दलों के राष्ट्रपति पद के उम्मीद्वार यशवंत सिन्हा ने नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई दी है। सिन्हा ने कहा कि मैं राष्ट्रपति चुनाव 2022 में उनकी जीत पर द्रौपदी मुर्मू को दिल से बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वास्तव में हर भारतीय की उम्मीद है कि 15वें राष्ट्रपति के रूप में वे बिना किसी डर या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में काम करें। मैं देशवासियों के साथ उन्हें शुभकामनायें देता हूं।

मुर्मू की जीत लोकतंत्र के लिये शुभ संकेत – पीएम मोदी
➖➖➖➖➖➖➖➖➖
पीएम मोदी ने मुर्मू को बधाई देते हुये ट्वीट किया कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का जीवन उनके शुरुआती संघर्ष , उनकी समृद्ध सेवा और उनकी अनुकरणीय सफलता प्रत्येक भारतीय को प्रेरित करती है। वे हमारे नागरिकों , विशेष रूप से गरीबों के लिये आशा की किरण बनकर उभरी हैं। श्रीमती द्रौपदी मुर्मू एक उत्कृष्ट विधायक और मंत्री रही हैं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल शानदार रहा। मुझे विश्वास है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी। मैं उन सभी सांसदों और विधायकों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने पार्टी लाइन से इतर द्रौपदी मुर्मू जी की उम्मीद्वारी का समर्थन किया है। उनकी रिकॉर्ड जीत हमारे लोकतंत्र के लिये शुभ संकेत है।

Ravi sharma

Learn More →