देश की आजादीऔर विकास में मोहम्मद अली जिन्ना की भूमिका -शत्रुघ्न सिन्हा

छिंदवाड़ा-कांग्रेस पार्टी में नये नये शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि मोहम्मद अली जिन्ना की देश में स्वतंत्रता और विकास में भूमिका थी। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के सौसर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। उन्होंने पार्टी और जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी और सरदार पटेल की सराहना की। साथ ही उन्होंने जिन्ना की भी तारीफ की।
सिन्हा ने कहा, ‘महात्मा गांधी से लेकर सरदार पटेल, सरदार पटेल से लेकर मोहम्मद अली जिन्ना तक, जिन्ना से नेहरू, और नेहरू से इंदिरा गांधी से लेकर राहुल गांधी तक सभी की देश की आजादी और विकास में भूमिका रही है। इसीलिए मैं कांग्रेस पार्टी में शामिल हुआ।’ छिंदवाड़ा से मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। शत्रुघ्न सिन्हा का ये बयान कांग्रेस पार्टी के लिए मुश्किलें पैदा कर सकता है।

सिन्हा ने आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर परोक्ष रूप से कटाक्ष किया, उन्होंने कहा कि एक पार्टी एक व्यक्ति से बड़ी है, देश पार्टी से बड़ा है और एक राष्ट्र से बड़ा कुछ भी नहीं है। उन्होंने जीएसटी और नोटबंदी जैसे विषयों का उल्लेख करके मोदी सरकार को निशाने पर लिया। शत्रुघ्न सिन्हा पटना साहिब से कांग्रेस उम्मीदवार हैं। बीजेपी ने उनके स्थान पर रविशंकर प्रसाद को पटना साहिब से उम्मीदवार बनाया, जिसके बाद वो कांग्रेस में शामिल हो गए।

रिपोर्ट-अरविन्द तिवारी

Ravi sharma

Learn More →