झारखंड मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार,एक पद अभी भी रिक्त,अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट-राँची-

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

राँची — झारखंड में सरकार के गठन के एक माह बाद हेमंत सोरेन कैबिनेट का विस्तार हो गया। हेमंत कैबिनेट के पहले विस्तार में सात मंत्रियों ने शपथ ली है। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राजभवन के खचाखच भरे बिरसा मंडप में सातों मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। झामुमो कोटे से पांच विधायकों चंपई सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो, जोबा मांझी और मिथिलेश ठाकुर को मंत्री बनाया गया वही कांग्रेस कोटे से दो विधायक बन्ना गुप्ता तथा बादल पत्रलेख मंत्री बनें। हेमंत की टीम के मंत्रियों में जगरनाथ महतो, बादल पत्रलेख और मिथिलेश कुमार ठाकुर पहली बार मंत्री बने हैं, जबकि अन्य को पहले भी मंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने का मौका मिल चुका है। हेमंत सोरेन कैबिनेट में जगह पाने वाली एकमात्र महिला जोबा मांझी हैं जो इसके पहले भी पूर्व की कई सरकारों में भी मंत्री रह चुकी हैं। झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने सहयोगी मंत्रियों को मंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई देते हुये कहा कि हम सब टीम झारखंड हैं और मिलकर विकास की नयी इबारत लिखेंगे। हमारी टीम राज्य की विकास यात्रा को गति देने एवं हर एक झारखंडी के सपनों को पूरा करने का कार्य करेगी।

मंत्री का एक पद अभी सुरक्षित

हेमंत सोरेन कैबिनेट में मंत्री का एक पद अभी सुरक्षित रखा गया है। झारखंड कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित 12 पद हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ कांग्रेस के रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम तथा राजद के सत्यानंद भोक्ता 29 दिसंबर को ही शपथ ले चुके थे, जबकि सात ने आज शपथ ली। इस तरह अब हेमंत मंत्रिमंडल में सीएम समेत कुल 11 मंत्री हैैं। मंत्री का एक पद सुरक्षित रखे जाने को लेकर कई तरह के कयास लगाये जा रहे हैं। गौरतलब है कि पिछली सरकार में भी मंत्री का एक पद पांच साल तक रिक्त ही रहा।मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, मंत्री रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम, सत्यानंद भोक्ता, सांसद विजय हांसदा के अलावा कई विधायक व पदाधिकारी शामिल हुये।

Ravi sharma

Learn More →