छग सरकार और संगठन का जमावड़ा कल से दिल्ली में-

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर — छत्तीसगढ़ सरकार और संगठन का कल से दिल्ली में जमावड़ा लगने जा रहा है। राजीव गांधी के 75वें जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक समेत संगठन के शीर्ष नेताओं का 21,22 और 23 अगस्त को दिल्ली में जमावड़ा रहेगा। नेताओं व विधायकों की कल सुबह की फ्लाईट से ही दिल्ली रवानगी शुरू हो जायेगी। वहीं अधिकांश मंत्री देर शाम की फ्लाईट से दिल्ली रवाना होंगे। जबकि एक-दो मंत्री 22 अगस्त की सुबह दिल्ली रवाना होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी कल 21 अगस्त की शाम की फ्लाईट से दिल्ली के लिये रवाना होंगे।
गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मदिन पर 22 अगस्त को इन्दिरा गांधी स्टेडियम में कांग्रेस का बड़ा अघिवेशन होने जा रहा है। इस अधिवेशन में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पार्टी के तमाम दिग्गज मौजूद रहेंगे। कृषि एवं सिंचाई मंत्री रविंद्र चौबे, आवास पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर सहित आठ मंत्री दिल्ली रवाना हो रहे हैं। उनके साथ अधिकांश विधायक भी सुबह और शाम की फ्लाइट से दिल्ली जायेंगे वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल शाम की फ्लाइट से रवाना होंगे।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ से करीब 2500 से ज्यादा मंत्री, विधायक, सांसद, पीसीसी डेलीगेट्स, प्रतिनिधि और पदाधिकारी के साथ-साथ जिला और ब्लाक स्तर के पदाधिकारी भी दिल्ली जा रहे हैं। जिला और ब्लाक स्तर के साथ पीसीसी के पदाधिकारी आज ट्रेन से दिल्ली के लिये रवाना हो गये हैं।

Ravi sharma

Learn More →