गोवा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में हेमामालिनी एवं प्रसून जोशी का होगा सम्मान

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
➖➖➖➖➖➖➖
नई दिल्ली – गोवा में 20 नवंबर से 28 नवंबर तक आयोजित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में इस बार अभिनेत्री और सांसद हेमामालिनी एवं गीतकार प्रसून जोशी को इंडियन फिल्म पर्सनैलिटी आफ द ईयर सम्मान से सम्मानित किया जायेगा। इसकी जानकारी देते हुये केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के उद्घाटन समारोह के दिन हेमा मालिनी और समापन समारोह के दिन प्रसून जोशी को यह पुरस्कार दिया जायेगा।
उन्होंने बताया कि पहली बार इस साल ओटीटी प्लेटफॉर्म्स भी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भाग लेंगे। सत्यजीत रे लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड अमेरिकन फिल्ममेकर मार्टिन स्कॉर्सेसे और हंगेरियन फिल्म निर्माता इस्तवान स्ज़ाबोस को दिया जायेगा।
गौरतलब है कि 16 अक्टूबर 1948 को तमिलनाडु के अम्मानकुडी में जन्मी ड्रीम गर्ल के नाम से मशहूर हेमा मालिनी भाजपा से मथुरा संसदीय सीट की सांसद हैं। इन्होंने वर्ष 1963 में तमिल फिल्म इधुसथियाम से डेब्यू किया था। ये अभिनेत्री होने के साथ-साथ डायरेक्टर , प्रोड्यूसर , डांसर और राइटर भी हैं। डेब्यू के बाद उन्होंने वर्ष 1968 में बतौर लीड एक्ट्रेस सपनों का सौदागर से बॉलीवुड में एंट्री की।इसके बाद उन्होंने शोले , सीता और गीता , सत्ते पे सत्ता , बागबान समेत 150 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। वर्ष 2000 में हेमा मालिनी को भारत के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री से नवाजा गया था। भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए हेमा मालिनी को वर्ष 2012 में सर पदमपत सिंघानिया विश्वविद्यालय ने मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की थी। वे नेशनल फिल्म डेवेलपमेंट कॉरपोरेशन की चेयरपर्सन भी रह चुकी हैं , इन्हें भरतनाट्यम में महारत भी हासिल है। वहीं प्रसून जोशी लेखक , गीतकार , स्क्रीनराइटर होने के साथ-साथ कम्युनिकेशन स्पेशलिस्ट भी हैं। सत्रह साल की उम्र में उनकी पहली किताब पब्लिश हुई थी। वे मैक्कैन वर्ल्ड ग्रुप के सीईओ और चेयरमैन एशिया भी हैं। वर्ष 2001 में जोशी ने भारतीय सिनेमा में मदद गीतकार के तौर पर राजकुमार संतोषी की फिल्म लज्जा से कदम रखा , इसके बाद से वह कई नामी बॉलीवुड फिल्मों का हिस्सा रहे हैं।

Ravi sharma

Learn More →